पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की जयंती पर श्रद्धांजलि, सीएम नीतीश कुमार ने प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

पटना, 28 दिसंबर 2025 : पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता स्वर्गीय अरुण जेटली की जयंती के अवसर पर राजधानी पटना में राजकीय जयंती समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पीसी कॉलोनी, कंकड़बाग स्थित सेक्टर-ए, पार्क संख्या-31 में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वर्गीय अरुण जेटली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया।
राजकीय समारोह में कई वरिष्ठ मंत्री, सांसद, विधायक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक रत्नेश कुशवाहा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, पूर्व विधायक अरुण कुमार सिन्हा तथा बिहार राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने अरुण जेटली की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
इस अवसर पर सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती-पूजन, बिहार गीत एवं देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी गई, जिससे पूरा वातावरण श्रद्धा और सम्मान से ओत-प्रोत हो गया।
वक्ताओं ने स्वर्गीय अरुण जेटली को एक दूरदर्शी नेता, कुशल प्रशासक और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाला राजनेता बताते हुए कहा कि उनका योगदान भारतीय राजनीति और आर्थिक सुधारों में सदैव स्मरणीय रहेगा।



