
पटना में RJD के राजभवन मार्च को लेकर जेपी गोलंबर के आसपास पार्टी कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी है। बड़ी संख्या में समर्थक हाथों में तिरंगा लेकर मार्च में शामिल होने पहुंचे हैं। इसी बीच पटना सदर एसडीएम कृतिका ने प्रदर्शनकारियों से राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखने की अपील की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एसडीएम ने कहा कि उनके हाथों में देश की आन-बान-शान तिरंगा है, इसलिए मार्च के दौरान इसका पूरा सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने खास तौर पर कार्यकर्ताओं से तिरंगे को सीधा रखने की अपील की और उल्टा पकड़े गए झंडों को तुरंत ठीक करने को कहा।
एसडीएम ने कहा कि तिरंगा किसी भी स्थिति में जमीन, पानी या कीचड़ को नहीं छूना चाहिए। मार्च के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाए कि राष्ट्रीय ध्वज नीचे न गिरे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से झंडे को हमेशा सम्मान के साथ ऊंचा रखने की अपील की।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मार्च खत्म होने के बाद तिरंगे के सम्मान का ध्यान रखना जरूरी है। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी राष्ट्रीय ध्वजों को सम्मानपूर्वक एक जगह एकत्र किया जाएगा और कार्यकर्ताओं से इसमें सहयोग करने को कहा गया है।
एसडीएम कृतिका ने तिरंगे पर राजनीतिक चिन्ह लगाने को लेकर भी कार्यकर्ताओं को चेताया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज पर राजनीतिक चिन्ह लगाना दंडनीय अपराध है। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं को नियमों का पालन करते हुए तिरंगे की गरिमा बनाए रखनी चाहिए।
छात्रों के मुद्दे पर तेजस्वी यादव का राजभवन मार्च
RJD नेता और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव छात्रों से जुड़े मुद्दों तथा सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर AK-47 चलाने के आरोप को लेकर राजभवन मार्च कर रहे हैं। मार्च जेपी गोलंबर से शुरू होना है।
तेजस्वी यादव ने RJD नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ छात्र संगठनों से भी मार्च में शामिल होने की अपील की थी। हालांकि, छात्र नेता दिलीप ने मार्च में शामिल होने से इनकार करते हुए कहा कि छात्र कोई राजनीतिक पार्टी नहीं हैं और उनका आंदोलन अपने मुद्दों को लेकर है।
राजभवन मार्च से पहले पटना की सड़कों पर RJD कार्यकर्ताओं की संख्या बढ़ती नजर आ रही है। कई समर्थक तिरंगा लेकर पहुंचे हैं। कुछ कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे छात्रों के मुद्दे के लिए AK-47 की गोली खाने तक को तैयार हैं।



