
पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 30 जुलाई को होने वाले मतदान से पहले जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
चुनावी मैदान में 25 उम्मीदवार
पटना के जिलाधिकारी एवं सह निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनावी तैयारियों की जानकारी दी। डीएम ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान कुल 40 उम्मीदवारों ने पर्चा दाखिल किया था। जांच के बाद 26 नामांकन वैध पाए गए, जबकि एक उम्मीदवार ने नाम वापस ले लिया। इसके बाद अब 25 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
3.79 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
प्रशासन के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,79,616 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 2,00,060 पुरुष, 1,79,533 महिला और 23 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए पूरे क्षेत्र में 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और चुनावी प्रक्रिया की विशेष निगरानी की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि चुनाव के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की भी तैनाती की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में विशेष चेकपोस्ट बनाए गए हैं, जहां लगातार सघन जांच अभियान चल रहा है।
अब तक की कार्रवाई में 12.83 लाख रुपये नकद, 2 अवैध हथियार, 16 कारतूस, 2,652 लीटर शराब और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाताओं को प्रभावित करने या चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वेबकास्टिंग से होगी निगरानी
चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा मतदान केंद्रों पर मोबाइल जमा कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी और मतदाताओं की पहचान के लिए निर्वाचन आयोग द्वारा स्वीकृत 12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्र मान्य होंगे।
30 जुलाई को मतदान, 3 अगस्त को नतीजे
बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। यह उपचुनाव भाजपा नेता नितिन नवीन के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद कराया जा रहा है।
इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में भाजपा के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर और राष्ट्रीय जनता दल की रेखा कुमारी प्रमुख उम्मीदवार हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस सीट पर मुख्य मुकाबला भाजपा और राजद के बीच माना जा रहा है।



