
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें संस्करण में रविवार को बिहार की गूंज सुनाई दी। प्रधानमंत्री ने पूर्णिया के मखाना और इसके ग्रीस तक निर्यात किए जाने की शानदार उपलब्धि की राष्ट्रीय मंच से भूरि-भूरि प्रशंसा की। प्रधानमंत्री के मुख से बिहार के स्थानीय उत्पाद की इस वैश्विक सफलता की चर्चा सुनकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी बेहद गदगद नजर आए। उन्होंने इसे बिहार के मेहनतकश किसानों और ग्रामीण उद्यमियों का बहुत बड़ा सम्मान बताते हुए प्रधानमंत्री के प्रति अपना हार्दिक आभार व्यक्त किया है। रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भाजपा सांसद संजय जायसवाल के साथ अपने लोक सेवक आवास में इस कार्यक्रम का श्रवण किया। कार्यक्रम के समापन के बाद मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के मखाना को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पटल पर जो स्थान मिल रहा है, वह हमारी कृषि नीति और किसानों के अथक परिश्रम का परिणाम है। आज पूर्णिया और सीमांचल के इलाके का मखाना सात समंदर पार विदेशों में, विशेषकर ग्रीस जैसे यूरोपीय देशों में निर्यात किया जा रहा है। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से निरंतर जमीनी हुनर, स्थानीय उत्पादों और गुमनाम नायकों को जो संबल दिया है, वह अकल्पनीय है। आज पूर्णिया के मखाना का उल्लेख किए जाने से सीमांचल सहित पूरे बिहार के मखाना उत्पादक किसानों, प्रसंस्करणकर्ताओं और छोटे-बड़े उद्यमियों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है।
किसानों और उद्यमियों में नई ऊर्जा का संचार
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि प्रधानमंत्री का यह संबोधन बिहार की ब्रांडिंग और मखाना की वैश्विक पहचान स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री का ‘वोकल फॉर लोकल’ (Vocal for Local) का स्पष्ट संदेश स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का सबसे सशक्त माध्यम है। राज्य सरकार अब मखाना की बेहतर पैकेजिंग, आधुनिक विपणन (मार्केटिंग) और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप इसके प्रसंस्करण पर और अधिक ध्यान केंद्रित करेगी, ताकि स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को रोजगार के नए और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
आधुनिक तकनीक और नवाचार पर जोर
मुख्यमंत्री ने केवल कृषि ही नहीं, बल्कि ‘मन की बात’ में उठाए गए अन्य समसामयिक और वैज्ञानिक विषयों की भी खुलकर सराहना की। सीएम सम्राट ने कहा कि आज के एपिसोड में प्रधानमंत्री द्वारा अंगदान के प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने की अपील अत्यंत पुनीत कार्य है। इसके साथ ही ई-संजीवनी के माध्यम से दूर-दराज के इलाकों में मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, विज्ञान एवं अनुसंधान, ब्रेन रिसर्च, नवाचार (इनोवेशन) और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी 21वीं सदी की आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर भी महत्वपूर्ण चर्चा की गई।मुख्यमंत्री ने विश्वास जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के इस मार्गदर्शन से देश और प्रदेश को ज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। बिहार भी आधुनिक तकनीक और कृषि के समन्वय से विकास की नई ऊंचाइयों को छूने के लिए पूरी तरह से संकल्पित है।



