crimenewspatnaबिहार

मोतिहारी में खाकी का कड़ा प्रहार: गैंगरेप के सभी आठ आरोपित गिरफ्तार, एसपी ने दिया सात दिन में चार्जशीट का अल्टीमेटम

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र में 17 अक्टूबर की रात दंपति को अगवा कर महिला के साथ हुए अमानवीय सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इस जघन्य अपराध को लेकर मोतिहारी पुलिस पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गई है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने स्वयं घटनास्थल का सघन मुआयना किया। मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने जांच अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिया है कि किसी भी सूरत में महज सात दिनों के भीतर न्यायालय में चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल की जाए। पुलिस का मुख्य लक्ष्य इस मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर सभी आठ आरोपितों को जल्द से जल्द और कड़ी से कड़ी सजा दिलाना है। घटना के बाद से ही पुलिस महकमा लगातार हरकत में है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने मधुबन थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार पांडेय और मामले के अनुसंधानकर्ता (आइओ) को कड़े निर्देश दिए हैं कि पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट अविलंब प्राप्त की जाए। घटनास्थल से पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर महिला का दुपट्टा समेत अन्य महत्वपूर्ण सुराग बरामद किए हैं। इन सभी भौतिक साक्ष्यों को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) जांच के लिए भेजा गया है ताकि वैज्ञानिक तौर पर भी जुर्म साबित किया जा सके।

वैज्ञानिक साक्ष्यों पर जोर, अनुसंधान अंतिम चरण में

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए सभी आठ आरोपितों का स्पर्म टेस्ट भी कराया जा चुका है। एसपी ने बताया कि मामले का अनुसंधान अब अपने अंतिम चरण में है। वैज्ञानिक साक्ष्यों, मेडिकल रिपोर्ट और एफएसएल की रिपोर्ट को आधार बनाकर पुलिस एक ऐसी मजबूत चार्जशीट तैयार कर रही है, जिससे न्यायालय में आरोपितों के खिलाफ दोष सिद्ध करने में बचाव पक्ष को कोई भी कानूनी सुराख न मिल सके।

गौरतलब है कि यह रूह कंपा देने वाली वारदात 17 अक्टूबर की रात उस वक्त हुई, जब पीड़िता अपने पति के साथ एक स्थानीय मेला देखकर बाइक से घर लौट रही थी। पुलिस में दर्ज प्राथमिकी और अब तक की पुलिस जांच के अनुसार, श्यामपुर भटहां थाना क्षेत्र के भटहां मोड़ के समीप पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने दंपति को जबरन रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने पति-पत्नी के साथ बुरी तरह मारपीट की और पति को अपने कब्जे में लेकर बंधक बना लिया।खौफजदा दंपति को बदमाश मोतिहारी-शिवहर जिले के सीमावर्ती इलाके में मधुबन थाना क्षेत्र के बंजरिया के पास स्थित एक आम के बगीचे में खींच ले गए। वहां हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए आठ बदमाशों ने महिला के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। दरिंदगी के बाद आरोपितों ने दंपति के पास मौजूद पैसे भी लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था और महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होने लगे थे। हालांकि, मधुबन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तकनीकी सर्विलांस और त्वरित छापेमारी के दम पर घटना में शामिल सभी आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।कानूनी जानकारों का मानना है कि अगर पुलिस एसपी के निर्देशानुसार सात दिनों के भीतर एक त्रुटिहीन चार्जशीट कोर्ट में पेश कर देती है, तो स्पीडी ट्रायल के माध्यम से इस केस का फैसला बेहद कम समय में आ सकता है। मोतिहारी पुलिस की यह सक्रियता न सिर्फ अपराधियों में खौफ पैदा करेगी, बल्कि आम जनमानस में पुलिस के प्रति विश्वास को भी और सुदृढ़ करेगी। फिलहाल, सभी की निगाहें अब पुलिस की चार्जशीट और न्यायालय की आगामी सुनवाई पर टिकी हैं, ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button