newspatnarajnitiबिहार

शिवहर में प्रेम प्रसंग का खौफनाक अंजाम: प्रेमिका से मिलने गए युवक का पीट-पीटकर मर्डर

पटना। बिहार के शिवहर जिले में प्रेम प्रसंग में एक दुस्साहसिक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। पिपराही थाना क्षेत्र के अम्बा उत्तरी वार्ड नंबर-3 में बीती की आधी रात अपनी प्रेमिका से छुपकर मिलने पहुंचे एक युवक का बेरहमी से मर्डर कर दिया गया। आक्रोशित परिजनों और कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को रंगे हाथों पकड़ने के बाद कानून को सीधे अपने हाथ में ले लिया। भीड़ ने बिना कोई मौका दिए लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीट-पीटकर युवक को मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी ललन कुमार (पिता- भरत साह) के रूप में हुई है।इस खौफनाक वारदात के बाद गुरुवार सुबह होते-होते पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और हालात तेजी से बेकाबू हो गए। मर्डर की खबर जैसे ही पीड़ित पक्ष और अन्य ग्रामीणों तक पहुंची, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित और बेकाबू भीड़ ने बदला लेने की नीयत से आरोपी के घर को घेर लिया और वहां आगजनी करने का प्रयास किया। घर को जलाने की इस कोशिश से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

वारदात के बाद भड़का आक्रोश

हालात बिगड़ते देख और आगजनी की सूचना मिलते ही पिपराही थाना पुलिस भारी दलबल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला, उग्र भीड़ को खदेड़ा और आगजनी की घटना को किसी तरह नियंत्रित कर एक बड़े हादसे को टाल दिया। गांव में स्थिति की गंभीरता और दो गुटों के बीच पनपे तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। फिलहाल, पूरा गांव एक पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सख्त पहरा है।प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक 6 लोगों को हिरासत में ले लिया है, जिनसे थाने में गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, पुलिस ने मृतक ललन कुमार के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए शिवहर सदर अस्पताल भेज दिया है। जवान बेटे की इस निर्मम हत्या के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

तनाव के बाद छावनी में तब्दील हुआ गांव

पिपराही थाना अध्यक्ष उमाकांत सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मर्डर प्रेम प्रसंग के विवाद का ही नतीजा है। रात के अंधेरे में युवक के वहां पहुंचने पर विवाद शुरू हुआ, जिसने हिंसक और जानलेवा रूप ले लिया। थाना अध्यक्ष ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया है कि कानून को अपने हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। इस हत्याकांड और आगजनी के प्रयास में शामिल सभी उपद्रवियों और दोषियों की पहचान की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों की निशानदेही पर अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है, हालांकि गांव में अभी भी एक तनावपूर्ण सन्नाटा पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button