newsrajnitiपंजाब

पंजाब चुनाव से पहले BJP का मिशन मोड, PM मोदी अमित शाह और नितिन नवीन के कार्यक्रमों की तैयारी तेज

पंजाब विधानसभा चुनाव में अब करीब छह महीने का वक्त बचा है। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश में अपनी चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। पार्टी सितंबर और अक्टूबर के दौरान बड़े नेताओं के कार्यक्रमों को अंतिम रूप देने में जुटी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरों को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

अक्टूबर में तीन दिन पंजाब में रह सकते हैं PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर में करीब तीन दिनों के लिए पंजाब का दौरा कर सकते हैं। हालांकि, अभी उनके दौरे की तारीख तय नहीं हुई है। बीजेपी की कोशिश है कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को अमृतसर, जालंधर, लुधियाना और पटियाला के आसपास के इलाकों से जोड़ा जाए।

प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक दौरे के पहले दिन प्रधानमंत्री माझा क्षेत्र के कई विधानसभा क्षेत्रों से होकर रोड शो कर सकते हैं। रात्रि विश्राम के लिए राधा स्वामी सत्संग ब्यास के मुख्यालय में रुकने की संभावना है।

बठिंडा या पटियाला में हो सकती है बड़ी जनसभा

प्रधानमंत्री की जनसभा को लेकर भी बीजेपी के भीतर चर्चा जारी है। पार्टी के कुछ नेता बठिंडा या पटियाला में बड़ी सभा आयोजित करने की मांग राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने रख चुके हैंइसके अलावा बठिंडा से पटियाला तक रोड शो आयोजित किए जाने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है।

पंजाब के लिए बड़ी घोषणाओं पर भी नजर

बीजेपी प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को चुनावी लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मान रही है। पार्टी के अंदर इस बात पर मंथन चल रहा है कि केंद्र सरकार की ओर से पंजाब के लिए किन नई योजनाओं, विकास परियोजनाओं या अन्य घोषणाओं का ऐलान किया जा सकता है।

18 सितंबर से नशे और कानून-व्यवस्था पर BJP की यात्रा

चुनावी अभियान के अगले चरण में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन 18 सितंबर को पठानकोट से एक यात्रा की शुरुआत करेंगे। इस अभियान का फोकस पंजाब में नशे की समस्या और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर रहेगा।

बीजेपी की रणनीति आगामी चुनाव में इन दोनों विषयों को प्रमुख राजनीतिक मुद्दा बनाने की है। इसके बाद 19 से 21 सितंबर के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से भी यात्राएं निकाले जाने की तैयारी है।

विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने की योजना

बीजेपी की इन यात्राओं को पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचाने की है, ताकि चुनाव से पहले संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जा सके।

यात्राओं का समापन जालंधर में किए जाने का प्रस्ताव है। यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बड़ी जनसभा को संबोधित करने की संभावना है। संभावित तौर पर यह रैली 29 या 30 सितंबर को हो सकती है, हालांकि अभी तारीख पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

एक दर्जन से ज्यादा बड़े नेताओं को मिलेगी जिम्मेदारी

यात्राओं के संचालन और नेतृत्व के लिए एक दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों, बीजेपी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी है।

मंगलवार को नई दिल्ली में होने वाली अहम बैठक में यात्रा के पूरे कार्यक्रम, तीन अन्य शहरों से प्रस्तावित यात्राओं और अमित शाह की रैली की तारीख को लेकर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button