
बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर धर्मपुर गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 12 अर्धनिर्मित और एक तैयार हथियार बरामद किया। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि धर्मपुर गांव में सागर नाम के व्यक्ति के घर पर अवैध रूप से हथियार बनाने का काम चल रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित घर में छापेमारी की।
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के अंदर हथियार निर्माण से जुड़ा पूरा सेटअप मिला। इसके बाद मौके पर चल रही गतिविधि को मिनी गन फैक्ट्री के रूप में चिन्हित किया गया।
लेथ मशीन समेत कई सामान जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने लेथ मशीन, छेनी, हथौड़ी सहित हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण बरामद किए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घर में अवैध हथियार बनाने का काम कब से चल रहा था और यहां तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी।
चार आरोपी गिरफ्तार, 90 हजार रुपये बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से करीब 90 हजार रुपये नकद भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
मुंगेर के रहने वाले हैं आरोपी
एसडीपीओ आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस को धर्मपुर गांव में हथियार निर्माण की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद टीम ने छापेमारी की, जहां अवैध मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों के मुंगेर जिले का निवासी होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
हथियार सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अवैध हथियार निर्माण के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि तैयार हथियारों की सप्लाई कहां की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क से कितने लोग जुड़े हुए हैं।



