newspatnarajnitiबिहार

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: एनडीए ने अभिषेक झा पर खेला दांव, मुजफ्फरपुर में हुई आधिकारिक घोषणा

तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए के उम्मीदवार बने अभिषेक झा

पटना। आगामी तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के बहुप्रतीक्षित चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। गठबंधन ने युवा चेहरे अभिषेक झा पर दांव खेलते हुए उन्हें अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। बाबा गरीबनाथ की पावन नगरी मुजफ्फरपुर में आयोजित पार्टी की एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक के दौरान इस फैसले पर अंतिम मुहर लगाई गई। अपने नाम की घोषणा होते ही अभिषेक झा ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और मतदाता मालिकों के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है। मुजफ्फरपुर में आयोजित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और एनडीए गठबंधन की इस विशेष बैठक में कई दिग्गज नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक उमेश कुशवाहा ने संयुक्त रूप से अभिषेक झा के नाम का आधिकारिक ऐलान किया। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने विश्वास जताया कि तिरहुत स्नातक क्षेत्र की जनता और विशेषकर स्नातकों का भरपूर समर्थन एनडीए प्रत्याशी को मिलेगा। इस घोषणा के साथ ही क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।

पूर्व सीएम सहित शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार

उम्मीदवार बनाए जाने के बाद अभिषेक झा ने कहा कि पार्टी ने एक सामान्य कार्यकर्ता को मतदाता मालिकों की अदालत में भेजने का जो निर्णय लिया है, वह अपार हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने इस अटूट विश्वास के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हृदय से धन्यवाद किया। इसके साथ ही, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद संजय झा, केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और वरिष्ठ नेता विजेंद्र प्रसाद यादव के प्रति भी अपनी कृतज्ञता ज्ञापित की। अभिषेक झा ने गठबंधन धर्म को निभाते हुए प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री अशोक चौधरी, सीतामढ़ी सांसद देवेश चंद्र ठाकुर और पूर्व सांसद वशिष्ठ नारायण सिंह समेत एनडीए के तमाम वरिष्ठ नेताओं व समर्पित कार्यकर्ताओं का भी आभार माना। उन्होंने स्पष्ट किया कि नेताओं के कुशल मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से क्षेत्र में एनडीए की स्थिति अभेद्य है।

स्नातकों के सम्मान और विकास के मुद्दे पर लड़ेंगे चुनाव

अपने चुनावी संकल्प को दोहराते हुए अभिषेक ने कहा कि एनडीए के सभी घटक दलों के समन्वय से यह चुनाव पूरी एकजुटता और ताकत के साथ लड़ा जाएगा। वे स्नातकों के लंबित अधिकारों, उनके सम्मान और तिरहुत क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के ठोस मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे और इस चुनाव में एनडीए की ऐतिहासिक जीत सुनिश्चित करेंगे।

Related Articles

Back to top button