
भोजपुरी कलाकार और बीजेपी एमएलसी पवन सिंह ने भोजपुर में बाढ़ से बिगड़ते हालात पर चिंता जताई है। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर बाढ़ प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जाहिर की और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने की अपील की।
पवन सिंह ने पीपरपाती, आरा समेत भोजपुर के अलग-अलग बाढ़ प्रभावित इलाकों से सामने आ रही तस्वीरों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि लोगों की परेशानी देखकर वह बेहद दुखी हैं और यह वक्त केवल चिंता व्यक्त करने का नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने का है।
उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि वह पीपरपाती, आरा और अन्य बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों के साथ खड़े हैं। पवन सिंह ने यह भी कहा कि वह जल्द ही प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को करीब से समझने और अपनी ओर से हर संभव मदद व सहयोग करने का प्रयास करेंगे।
घरों में घुसा पानी, लोगों के सामने कटाव का खतरा
बाढ़ की स्थिति का जिक्र करते हुए पवन सिंह ने कहा कि कई इलाकों में पानी लोगों के घरों तक पहुंच गया है, जबकि कुछ स्थानों पर परिवार घरों में ही फंसे हुए हैं। बाढ़ और नदी के कटाव के कारण लोगों के सामने घर और जमीन दोनों के अस्तित्व का संकट खड़ा हो गया है।
CM सम्राट चौधरी से राहत कार्य तेज करने की मांग
पवन सिंह ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से आग्रह किया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव अभियान को तेज किया जाए। उन्होंने जरूरतमंद परिवारों तक भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां और अन्य जरूरी राहत सामग्री जल्द पहुंचाने की मांग की।
उन्होंने प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त संख्या में नावों और दूसरे जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने की भी अपील की। पवन सिंह ने कहा कि इस संकट की घड़ी में किसी भी परिवार को यह महसूस नहीं होना चाहिए कि वह अकेला है।
‘आपका दर्द हमारा दर्द है’
अपने एक्स पोस्ट के जरिए पवन सिंह ने बाढ़ पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ हैं। उन्होंने प्रार्थना की कि बाढ़ और कटाव से प्रभावित सभी परिवार सुरक्षित रहें और किसी भी परिवार को अपूरणीय क्षति न हो।



