newspatna

मोतिहारी कोर्ट परिसर से बाइक चुराते शातिर रंगेहाथ गिरफ्तार, मास्टर-की बरामद

मोतिहारी। शहर के कोर्ट परिसर में बाइक चोरी की फिराक में घूम रहे एक शातिर को नगर थाना पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की तत्परता से चोरी की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही नाकाम हो गई। पकड़े गए आरोपित की पहचान बिंदु कुमार (करीब 22 वर्ष) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल और बाइकों का लॉक खोलने वाली ‘मास्टर-की’ बरामद की गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कोर्ट कैंपस में एक संदिग्ध युवक इधर-उधर घूमकर अलग-अलग बाइकों की रेकी कर रहा है। सूचना मिलते ही एक्शन मोड में आई पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक एक बाइक लेकर मेन रोड की ओर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया। जब आरोपित से बाइक के कागजात मांगे गए, तो वह कोई वैध प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसकी पोल खुल गई।मामले को लेकर इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि बदमाश बिंदु कोर्ट परिसर से बाइक चोरी कर उसे लेकर भागने की फिराक में था। जांच के दौरान बरामद बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR05AY-2092 पाया गया है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसके वास्तविक मालिक और चोरी से संबंधित रिकॉर्ड्स की जांच शुरू कर दी है।संगठित गिरोह का हिस्सा होने की आशंकागिरफ्तारी के बाद पुलिस गंभीरता से यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित अकेले ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था या इसके पीछे कोई बड़ा संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। चोरी की बाइकों को किन इलाकों में खपाया जाता था, इसकी भी गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने पूर्व में भी कई थाना क्षेत्रों में बाइक चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर गिरफ्तार युवक के खिलाफ नगर थाना में पूर्व से ही चोरी सहित अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।

Related Articles

Back to top button