newsबिहार

बिहार में दौड़ेगी Namo Bharat रैपिड रेल,पटना से गया, मुजफ्फरपुर और आरा तक 4 कॉरिडोर का प्रस्ताव

दिल्ली-NCR में चल रही Namo Bharat रैपिड रेल की तर्ज पर अब बिहार में भी तेज रफ्तार क्षेत्रीय परिवहन सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। बिहार सरकार ने इस दिशा में पहल करते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) को पत्र भेजकर राज्य में चार संभावित कॉरिडोर विकसित करने का अनुरोध किया है।

पटना-गया के बीच 108 किमी का कॉरिडोर

प्रस्तावित योजनाओं में पहला कॉरिडोर पटना से गया के बीच होगा। इसकी लंबाई करीब 108 किलोमीटर प्रस्तावित है। इस रूट पर Namo Bharat सेवा शुरू होने से पटना और गया के बीच तेज और बेहतर कनेक्टिविटी विकसित होने की उम्मीद है।

पटना एयरपोर्ट से बेगूसराय तक 130 किमी

दूसरे कॉरिडोर के तहत पटना एयरपोर्ट को बेगूसराय से जोड़ने की योजना है। यह रूट करीब 130 किलोमीटर लंबा प्रस्तावित है। इसके बनने से राजधानी पटना और उत्तर बिहार के प्रमुख शहरों के बीच आवागमन को गति मिल सकती है।

पटना-मुजफ्फरपुर रूट 67 किलोमीटर

तीसरे प्रस्ताव में पटना और मुजफ्फरपुर के बीच RRTS कॉरिडोर विकसित करने की बात है। इस मार्ग की अनुमानित लंबाई 67 किलोमीटर होगी। रैपिड रेल सेवा शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच यात्रा का समय कम होने और कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

पटना एयरपोर्ट-आरा के बीच 46 किमी का रूट

चौथा कॉरिडोर पटना एयरपोर्ट से आरा के बीच प्रस्तावित है। करीब 46 किलोमीटर लंबे इस रूट के जरिए पटना को भोजपुर क्षेत्र से तेज परिवहन नेटवर्क के माध्यम से जोड़ने की योजना है।

NCRTC जांचेगा प्रोजेक्ट की व्यवहार्यता

बिहार सरकार के प्रस्ताव के बाद अब NCRTC इन चारों कॉरिडोर की तकनीकी और आर्थिक व्यवहार्यता का अध्ययन करेगा। इसके लिए Alternative Analysis Report (AAR) तैयार की जाएगी।

इस रिपोर्ट में संभावित रूट, तकनीकी जरूरतों, यात्री मांग और परियोजना की आर्थिक व्यवहार्यता जैसे पहलुओं का आकलन किया जाएगा। रिपोर्ट के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई और परियोजना को लागू करने की दिशा तय होगी।

अगर प्रस्ताव आगे बढ़ता है, तो बिहार के प्रमुख शहरों के बीच तेज क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क विकसित करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button