crimenewspatna

नेपाल सीमा पर 5 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तारएसएसबी और हरैया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सातों माई मंदिर के पास से दबोचा गया आरोपी

मोतिहारी। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने बायपास स्थित सातों माई मंदिर के समीप सघन जांच के दौरान एक कारोबारी को गिरफ्तार किया है। तलाशी में उसके पास से पांच किलोग्राम मादक पदार्थ (गांजा) बरामद किया गया है। मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस और एसएसबी द्वारा लगातार संयुक्त निगरानी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सातों माई मंदिर के पास से गुजर रहे एक व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध प्रतीत हुई।

संयुक्त टीम ने उसे रोका और सघन तलाशी ली।तलाशी के दौरान उसके पास से करीब पांच किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ, जो प्रथम दृष्टया गांजा प्रतीत हो रहा है। इसके तत्काल बाद टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसकी मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुगौली थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी लालबाबू प्रसाद (पिता- भरत महतो) के रूप में हुई है।थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद मादक पदार्थ की वास्तविक प्रकृति की पुष्टि के लिए उसे जांच के लिए भेजा जा रहा है। मामले में हरैया थाने में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के पश्चात आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।पुलिस अब इस बात की तफ्तीश में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां खपाया जाना था। गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button