crimenewsबिहार

सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन पड़ा महंगा, शिवहर पुलिस ने तीन को दबोचा, दो कट्टा व पिस्टल बरामद

शिवहर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो देसी कट्टा, एक पिस्टल, तीन मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद जब्त किए गए हैं।पहली कार्रवाई फतेहपुर थाना क्षेत्र के बसहिया राम गांव के पास स्थित आम के बगीचे में हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बगीचे में एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा है। पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर बसहिया राम निवासी रामप्रवेश सिंह (60 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा, एक मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद बरामद हुए। इस मामले में फतेहपुर थाना कांड संख्या 40/26 दर्ज किया गया है।दूसरी कार्रवाई शिवहर थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि एक युवक सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ अपनी तस्वीर वायरल कर रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया।

तकनीकी जांच और मानवीय आसूचना के आधार पर एसआईटी ने छापेमारी कर चिकनौटा निवासी मो. अरसे आजम (21 वर्ष) और सुंदरपुर खरौना निवासी एक विधि-विवादित किशोर को हिरासत में लिया। इनके कब्जे से एक देसी कट्टा, एक पिस्टल और दो मोबाइल बरामद हुए। इस मामले में शिवहर थाना कांड संख्या 348/26 दर्ज किया गया है।प्रेस वार्ता के दौरान एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियारों की सप्लाई कहां से हुई थी और इनके संपर्क में कौन-कौन शामिल हैं।”सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करना एक संगीन व दंडनीय अपराध है। पुलिस ऐसे खातों पर लगातार नजर रख रही है। किसी भी गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत स्थानीय थाना या डायल-112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।”

Related Articles

Back to top button