
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के परिणाम आने से ठीक एक दिन पहले जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पुलिस-प्रशासन और सत्ताधारी दल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पटना पुलिस पर चुनाव के दौरान मनमानी करने और निर्दोष स्थानीय लोगों को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पार्टी ने चुनाव आयोग को इसके पुख्ता सबूत सौंप दिए हैं। इसके साथ ही, पीके ने बांकीपुर सीट पर अपनी ऐतिहासिक जीत का हुंकार भी भरा है।प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि मतदान के दौरान 50 से अधिक लोगों को पुलिस ने बेवजह हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जबरन घरों में घुसकर लोगों को उठाया। पटना एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा के उस दावे को पीके ने सिरे से खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि हिरासत में लिए गए लोग ‘बाहरी’ थे।
जन सुराज संस्थापक के अनुसार, पकड़े गए लोगों में से 18 से अधिक लोग बांकीपुर के ही स्थानीय निवासी निकले, जिन्हें बाद में छोड़ना पड़ा।पटना एसएसपी की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रशांत किशोर ने उन्हें पूरी तरह ‘अनप्रोफेशनल’ करार दिया। उन्होंने याद दिलाया कि यही अधिकारी पहले नीट छात्रा मामले को भी आत्महत्या करार दे चुके हैं। पीके ने आरोप लगाया कि चुनाव के दिन एसएसपी ने उनका एक भी फोन नहीं उठाया, जबकि पटना डीएम कुंदन कुमार ने हर बार कॉल का जवाब दिया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अगर एसएसपी को राजनीति ही करनी है, तो उन्हें वर्दी छोड़कर मैदान में आ जाना चाहिए।” पीके ने दावा किया कि भाजपा नेताओं ने भी एसएसपी के खिलाफ शिकायत की है। उन्होंने बताया कि बिहार के डीजीपी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि तीन अगस्त को होने वाली मतगणना में पटना एसएसपी की कोई भूमिका नहीं होगी। साथ ही उन्होंने थाना प्रभारियों को चेतावनी दी कि यदि उन्होंने नियम विरुद्ध काम किया है, तो उनके एसएसपी उन्हें बचा नहीं पाएंगे।
प्रशांत किशोर ने एक ओर जहां मुख्यमंत्री रहते हुए नीतीश कुमार के कामकाज की तारीफ की, वहीं भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “2015 में मैं नीतीश कुमार के साथ था, उस वक्त भाजपा विपक्ष में थी। हम चाहते तो पुलिस का इस्तेमाल कर उनके कार्यकर्ताओं को पिटवा सकते थे, लेकिन नीतीश कुमार ने कभी पुलिस प्रशासन का राजनीतिक दुरुपयोग नहीं किया।” पीके ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि आज भाजपा वाले पुलिस को ‘गुंडे’ की तरह इस्तेमाल कर रहे हैं।प्रशांत किशोर ने बांकीपुर में अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि कल आने वाले चुनाव परिणाम सब कुछ स्पष्ट कर देंगे। पीके ने आत्मविश्वास के साथ कहा, “हम इतने बड़े अंतर से जीत रहे हैं कि भाजपा की इस सीट पर कभी इतनी बुरी हार नहीं हुई होगी। कल के परिणाम सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद से हटने का मार्ग प्रशस्त कर देंगे।” उन्होंने यह भी बताया कि जन सुराज इस पूरे मामले को लेकर आने वाले दिनों में दिल्ली जाकर चुनाव आयोग से शिकायत करेगी।



