newspatnaबिहारमौसम

बिहार में मानसून हुआ एक्टिव, पटना समेत 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

बिहार में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और इसका असर अब राज्य के अधिकांश हिस्सों में साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार को राजधानी पटना समेत कई जिलों में बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान जताते हुए पटना सहित 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और 25 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक बिहार में मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के आसार हैं।

बुधवार को पटना, बेगूसराय, सीवान, मधेपुरा, सुपौल, गया, नालंदा, जहानाबाद, बगहा और पूर्णिया समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। राजधानी पटना में दोपहर बाद मौसम अचानक बदला और झमाझम बारिश शुरू हो गई। वहीं बेगूसराय में सुबह से बारिश के बीच बच्चे छाता लेकर स्कूल पहुंचे। उत्तर और पूर्वी बिहार के कई इलाकों में भी दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही।

राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

हालांकि मानसून के सक्रिय होने के बावजूद राज्य में अब तक सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है। विभाग के आंकड़ों के अनुसार 30 जून तक बिहार में 87.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य तौर पर 163.3 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी। यानी अब तक करीब 46 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि पिछले 24 घंटों में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने से उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है।

मानसून की सक्रियता किसानों के लिए राहत लेकर आई है। धान सहित खरीफ फसलों की खेती की तैयारी कर रहे किसानों को उम्मीद है कि लगातार होने वाली बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आएगी और बुआई का काम तेज होगा।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। तेज हवा, मेघगर्जन और बिजली चमकने के समय खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचें तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करें।

Related Articles

Back to top button