patnaदेशराजनीति

“बिहार के बिना नहीं चल सकता पंजाब…” JDU अध्यक्ष के इस बयान ने मचाई राजनीतिक हलचल!

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव में शानदार प्रदर्शन करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अब दूसरे राज्यों में अपने विस्तार की तैयारी तेज कर दी है। अगले साल पंजाब सहित पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर जेडीयू ने बड़ा दांव खेलने का फैसला किया है। खबर है कि जेडीयू पंजाब की 45 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर रही है।पटना में आयोजित जेडीयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने आए पंजाब जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष मालवेंद्र सिंह बेनिपाल ने इस रणनीति की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि बैठक में आगामी पांच राज्यों के चुनावों पर गहन विचार-विमर्श हुआ है और शीर्ष नेतृत्व से उन्हें सकारात्मक आश्वासन मिला है।जब मालवेंद्र सिंह बेनिपाल से पूछा गया कि क्या पार्टी को चुनाव लड़ने का पक्का आश्वासन मिला है, तो उन्होंने सकारात्मक जवाब दिया।

पश्चिम बंगाल चुनाव में बीजेपी को समर्थन देने और पंजाब में खुद चुनाव लड़ने के अंतर पर बात करते हुए उन्होंने कहा: “बंगाल और पंजाब के हालात में बड़ा फर्क है। पंजाब की एग्रीकल्चर (खेती) हो या इंडस्ट्री (उद्योग), यह बिहार के लोगों के बिना नहीं चल सकती। बिहार से पंजाब का एक विशेष और ऐतिहासिक नाता है। बिहार की धरती से ही गुरु गोविंद सिंह जी पंजाब गए थे, इसलिए यह रिश्ता कभी टूटने वाला नहीं है। हमारे नेता नीतीश कुमार ने गुरु घर और सिख समाज के लिए जो किया है, उसकी वजह से पंजाब के लोग उन्हें दिल से प्यार करते हैं।”पंजाब जेडीयू अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव की तैयारियों को लेकर उनकी बातचीत जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार से भी हुई है। उन्होंने पूरी उम्मीद जताते हुए कहा कि पार्टी पंजाब में मजबूती से चुनाव लड़ेगी।

बैठक के दौरान एक बड़ा राजनीतिक संकेत देते हुए मालवेंद्र सिंह बेनिपाल ने कहा कि जेडीयू के कार्यकर्ता और नेता निशांत कुमार में अपने सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार की छवि देख रहे हैं। पंजाब जेडीयू के नेताओं को पूरा भरोसा है कि निशांत कुमार ही पार्टी के उज्ज्वल भविष्य हैं।आपको बता दें कि 21 जून को पटना में हुई जेडीयू की इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक में उमेश कुशवाहा को एक बार फिर बिहार प्रदेश अध्यक्ष और नीतीश कुमार को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में चुना गया। बिहार चुनाव के नतीजों से उत्साहित जेडीयू अब अन्य राज्यों के प्रभारियों और अध्यक्षों के साथ मिलकर जमीन पर संगठन को मजबूत करने में जुट गई है।

Related Articles

Back to top button