
मोतिहारी:2019 बैच के आईएएस अधिकारी सौरभ सुमन यादव ने आधिकारिक रूप से पूर्वी चंपारण के नए DM के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही उन्होंने विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने और पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश दिए।भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) 2019 बैच के अधिकारी सौरभ सुमन यादव ने सोमवार को पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी (DM) एवं जिला दंडाधिकारी के रूप में आधिकारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया है। समाहरणालय स्थित कार्यालय में निवर्तमान जिलाधिकारी से प्रभार लेने के बाद उन्होंने जिले के विकास और जनहित के कार्यों को गति देने का संकल्प व्यक्त किया। इस दौरान जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने नए जिलाधिकारी का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्य रूप से अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (लोक शिकायत निवारण) शैलेंद्र कुमार भारती, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) मो. सिबगतुल्लाह, सहायक समाहर्ता राज कृष्ण झा, वरीय कोषागार पदाधिकारी विजय कुमार, वरीय उप समाहर्ता प्रेमलता, वरीय उप समाहर्ता अमरेश कुमार तथा जिला जनसंपर्क पदाधिकारी (DPRO) ज्ञानेश्वर प्रकाश समेत कई जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से औपचारिक बातचीत में नवनियुक्त जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, “जिले के समग्र विकास और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित व समयबद्ध समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

जन शिकायतों के शीघ्र निष्पादन के लिए सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।”नए जिलाधिकारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली कल्याणकारी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक इसका लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंच सके। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
जिले में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की बात दोहराते हुए जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (SDO) और प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) को अपनी ड्यूटी के प्रति सजग रहने को कहा। उन्होंने बल दिया कि आम नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका समय पर समाधान निकाला जाए ताकि जनता का भरोसा प्रशासन पर और मजबूत हो सके।




