
बिहार के भागलपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। घटना सुल्तानगंज-देवघर मुख्य मार्ग पर कामराय रामपुर के समीप की बताई जा रही है।मृतक की पहचान रामपुर निवासी बालेश्वर कुमार के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है।
चश्मदीदों के मुताबिक, राकेश कुमार किसी काम से मुख्य सड़क के पास खड़े थे। इसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से राकेश गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े। आस-पास के लोग जब तक उन्हें बचाने के लिए दौड़ते, तब तक राकेश ने दम तोड़ दिया।राकेश की मौत के बाद स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वारदात को अंजाम देकर भागने की कोशिश कर रहे दोनों शूटरों को ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए मौके पर ही दबोच लिया। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने कानून अपने हाथ में ले लिया और दोनों बदमाशों की लाठी-डंडों और लात-घूसों से जमकर पिटाई कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और दोनों आरोपियों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में लिया। भीड़ की पिटाई से दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए सुल्तानगंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आरोपियों से अस्पताल में ही कड़ी निगरानी के बीच पूछताछ की जा रही है।
हालांकि, अभी तक आरोपियों की पहचान और उनके आपराधिक इतिहास के संबंध में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है। हत्या की वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है।वारदात की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ अस्पताल और घटनास्थल पर जुट गई। राकेश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।



