newspatnarajnitiबिहार

घुसपैठ पर सख्त हुए नीरज कुमार, बोले- बॉर्डर पर अवैध कब्जों पर कार्रवाई जरूरी

जनता दल (यूनाइटेड) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बढ़ते अतिक्रमण और घुसपैठ के मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र में बने सभी अवैध ढांचों को तुरंत हटाया जाना चाहिए।

नीरज कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमाएं स्पष्ट रूप से निर्धारित हैं और यदि कहीं अतिक्रमण हुआ है, तो उस पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 1992 से ही पश्चिम बंगाल और बिहार से सटी बांग्लादेश सीमा चिंता का विषय रही है और अब ऐसे लोगों की पहचान की जा रही है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में किसी भी धर्म, भाषा या समुदाय के व्यक्ति को रहने का अधिकार है, लेकिन दूसरे देशों के नागरिकों को अवैध रूप से यहां रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती।

वहीं, कांग्रेस के इस दावे पर कि राहुल गांधी ‘इंडिया’ गठबंधन के सबसे बड़े नेता हैं और चुनाव उनके चेहरे पर लड़ा जाएगा, नीरज कुमार ने कहा कि गठबंधन में नेता कौन होगा, यह अलग विषय है। असली सवाल नीति और वैकल्पिक दृष्टिकोण का है। उन्होंने कहा कि देश की परंपराओं का सम्मान होना चाहिए। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि अगर राहुल गांधी या तेजस्वी यादव नेता बन सकते हैं, तो ममता बनर्जी, एम.के. स्टालिन या मल्लिकार्जुन खड़गे क्यों नहीं?

कर्नाटक कांग्रेस में चल रहे अंदरूनी विवाद और मुख्यमंत्री को दिल्ली बुलाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस का आंतरिक मामला है, लेकिन जनता जानना चाहती है कि इसके पीछे असली वजह क्या है। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी का पार्टी पर नियंत्रण कमजोर पड़ गया है।
नीरज कुमार ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भी यह जानना चाहेंगे कि पार्टी में अंतिम निर्णय कौन ले रहा है।

Related Articles

Back to top button