newspatnarajnitiबिहारशिक्षा

TRE-4 भर्ती को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा बयान, जल्द आएगा नोटिफिकेशन

बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 को लेकर बड़ा संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। इस बयान के बाद लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों में नई उम्मीद जगी है।

रविवार देर रात शिक्षा मंत्री औरंगाबाद जिले के दाउदनगर पहुंचे, जहां स्थानीय सामाजिक और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ शिक्षकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बताया गया कि वह रोहतास जिले के डेहरी में आयोजित भाजपा के जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के बाद पटना लौट रहे थे। इसी दौरान उनका काफिला दाउदनगर के वार्ड संख्या 14 स्थित महावीर चबूतरा पहुंचा।

यहां अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा की ओर से प्रखंड अध्यक्ष रवि पांडेय के आवास पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मंत्री को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मौके पर सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों ने भी उनसे मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को सामने रखा। शिक्षकों ने मंत्री को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपते हुए लंबित मामलों के समाधान की मांग की।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार इस मुद्दे पर संवेदनशील है और जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने साफ कहा कि TRE-4 भर्ती से जुड़ी सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं और अब केवल अधिसूचना जारी होना बाकी है, जिसे जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।

इस घोषणा के बाद राज्यभर के उन हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिली है जो लंबे समय से शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। गौरतलब है कि TRE-4 भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा पहले कई बार प्रदर्शन और आंदोलन भी किए जा चुके हैं।

Related Articles

Back to top button