
दिल्ली से बेंगलुरु जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2651 एक बड़े हादसे का शिकार होते-होते बच गई। बेंगलुरु इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान ‘टेल स्ट्राइक’ की घटना का शिकार हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 179 यात्री और क्रू मेंबर पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एयर इंडिया के मुताबिक, फ्लाइट की लैंडिंग के समय विमान के पिछले हिस्से में किसी वस्तु के टकराने की आशंका के बाद तुरंत उसे रोक दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान को जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया। एयरलाइन ने बताया कि सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित तरीके से विमान से बाहर निकाल लिया गया।
घटना के बाद बेंगलुरु से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट एआई-2652 को रद्द कर दिया गया, क्योंकि विमान आगे उड़ान भरने की स्थिति में नहीं था। एयर इंडिया ने कहा कि प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जा रही है और पूरी घटना की जांच तय नियमों के तहत होगी।
इसी बीच नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने हाल ही में अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया विमान हादसे का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया फ्लाइट एआई-171 दुर्घटना की जांच अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और एक महीने के भीतर रिपोर्ट आने की उम्मीद है।
मंत्री ने बताया कि यह जांच विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो यानी एएआईबी द्वारा की जा रही है और सरकार जांच एजेंसी को हर जरूरी संसाधन उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी तरह पारदर्शी होगी, क्योंकि दुर्घटनाग्रस्त विमान में विदेशी नागरिक भी सवार थे और अंतिम रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जांच के दायरे में रहेगी।
गौरतलब है कि 12 जून 2025 को एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171, जो बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान था, अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लंदन गैटविक के लिए उड़ान भरने के दौरान हादसे का शिकार हो गया था। उस दर्दनाक दुर्घटना में 260 लोगों की जान चली गई थी।



