newspatnaबिहार

बिहार में राजस्व कर्मियों की बढ़ी जिम्मेदारी, सुबह-शाम अतिरिक्त ड्यूटी का आदेश

बिहार में राजस्व कर्मियों की हड़ताल खत्म होने के बाद अब विभाग ने लंबित मामलों के तेजी से निपटारे के लिए सख्त कदम उठाए हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी अपर समाहर्ताओं (राजस्व) को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि हड़ताल के दौरान बड़ी संख्या में दाखिल-खारिज और अन्य विभागीय मामले लंबित हो गए थे, जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाया जाए।

सुबह-शाम करनी होगी अतिरिक्त ड्यूटी

विभागीय आदेश के अनुसार अब राजस्व कर्मचारियों को नियमित काम के अलावा सुबह 6 बजे से 9 बजे तक और शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक अतिरिक्त काम करना होगा। यह फैसला लंबित मामलों को जल्द खत्म करने के उद्देश्य से लिया गया है।

पुराने सचिवालय स्थित विभागीय कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित समीक्षा बैठक में सचिव जय सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यभर के अपर समाहर्ताओं के साथ विभागीय कार्यों की स्थिति पर चर्चा की। बैठक में एग्रिस्टैक अभियान, दाखिल-खारिज मामलें , लंबित फॉर्मर रजिस्ट्री वेरिफिकेशन और राजस्व न्यायालयों में वीसी सिस्टम लगाने की प्रगति की समीक्षा की गई।

15 दिनों में पुराने मामलों के निपटारे का निर्देश

सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 120 दिनों से ज्यादा समय से लंबित दाखिल-खारिज मामलों का अगले 15 दिनों के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए।

बैठक में नालंदा में होने वाले मलमास मेले की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। विभाग ने कार्यप्रणाली में बदलाव करते हुए यह भी तय किया कि अब कर्मचारियों की फिजिकल बैठक सिर्फ शनिवार को होगी, जबकि बाकी दिनों में बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित की जाएंगी।
साथ ही सीएम डैशबोर्ड और जन शिकायत पोर्टल पर लंबित मामलों को तय समय सीमा के भीतर निपटाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Related Articles

Back to top button