
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद आज दूसरी कैबिनेट बैठक होने जा रही है। यह अहम बैठक शाम करीब 5 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव उपस्थित रहेंगे।
इस दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर फैसला ले सकती है। बैठक के बाद शाम करीब 6 बजे कैबिनेट के फैसलों की जानकारी मीडिया को दी जाएगी।
इससे पहले 22 अप्रैल को हुई पहली कैबिनेट बैठक में सरकार ने कई बड़े निर्णय लिए थे। करीब एक घंटे चली उस बैठक में 22 अहम एजेंडों को मंजूरी दी गई थी, जिनका असर राज्य के विकास, रोजगार और सुरक्षा पर पड़ने वाला है।
पहली बैठक में बिहार के 11 शहरों में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने की योजना को स्वीकृति दी गई थी। इस योजना के तहत चिन्हित क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक भी लगाई गई हैं, ताकि जमीन मालिकों को उचित लाभ मिल सके।
इसके अलावा महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 1500 महिला पुलिसकर्मियों को स्कूटी और 3200 पुलिसकर्मियों को मोटरसाइकिल देने का फैसला लिया गया था। इस योजना पर करीब 66.75 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर क्षेत्र को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने के लिए 680 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई थी। वहीं, मुंगेर के तारापुर में पर्यटन विकास के लिए कृषि विभाग की 15 एकड़ जमीन पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने का भी फैसला लिया गया था।
अब सबकी नजर आज होने वाली दूसरी कैबिनेट बैठक पर टिकी है, जहां कई नए और अहम फैसलों की उम्मीद की जा रही है।



