
पटना के एसके पुरी थाना क्षेत्र स्थित एनपथ के नालंदा रेजीडेंसी हॉस्टल में एक NEET की तैयारी कर रहे छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्र ने जहर खाकर आत्महत्या की है।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर के भगवानपुर निवासी श्रेयम के रूप में हुई है, जो पिछले दो साल से हॉस्टल के फ्लैट नंबर 303 में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
पुलिस को घटनास्थल से सोडियम एजाइड नामक जहरीला पदार्थ और एक सुसाइड नोट मिला है। जिस कमरे में छात्र रह रहा था, उसमें उसका एक रूममेट भी था, लेकिन वह इन दिनों परीक्षा के चलते घर गया हुआ था।
हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों के मुताबिक, श्रेयम पिछले कुछ दिनों से असामान्य रूप से शांत था। आम तौर पर बातचीत करने वाला यह छात्र हाल के दिनों में कम बोल रहा था। घटना वाली रात उसके कमरे से देर तक फोन पर बात करने की आवाजें भी सुनी गई थीं।
सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला, तो हॉस्टल स्टाफ ने दरवाजा तोड़ा। अंदर छात्र को बेड पर अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
हॉस्टल संचालक बृजेश कुमार के अनुसार, श्रेयम करीब दो साल से यहां रह रहा था और पटना के एक कोचिंग संस्थान से मेडिकल की तैयारी कर रहा था। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
इधर, इस घटना के बाद मृतक छात्र के परिवार में गहरा शोक है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुसाइड नोट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



