
मुज़्ज़फरपुर। पुलिस महकमे में अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। मुजफ्फरपुर जिला बल में तैनात एक प्रशिक्षु महिला सिपाही को बिना किसी सूचना के लगभग चार साल (1397 दिन) तक ड्यूटी से गायब रहने के आरोप में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर यह सख्त कार्रवाई तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।पुलिस कार्यालय से प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बर्खास्त की गई प्रशिक्षु महिला सिपाही की पहचान सोनी कुमारी (कांस्टेबल संख्या-1836) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मुंगेर जिले की निवासी हैं। रिकॉर्ड के मुताबिक, सोनी कुमारी 6 अक्टूबर 2022 से मुजफ्फरपुर जिला बल से लगातार अनुपस्थित चल रही थीं। वह 3 वर्ष, 11 महीने और 28 दिन तक बिना किसी पूर्व सूचना या विभागीय अनुमति के ड्यूटी से फरार रहीं। इतनी लंबी अनुपस्थिति को विभाग ने अनुशासनहीनता और स्वेच्छाचारिता का स्पष्ट मामला माना।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि इस मामले में पूरी कानूनी और विभागीय प्रक्रिया का पालन किया गया है। महिला सिपाही को अपनी ड्यूटी पर लौटने और अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए। यहां तक कि उनके गृह पते पर डाक और विशेष दूत भेजकर भी उपस्थित होने का निर्देश दिया गया, लेकिन उन्होंने न तो ड्यूटी ज्वाइन की और न ही विभाग को कोई स्पष्टीकरण सौंपा। इसी लापरवाही के चलते उन्हें पूर्व में ही निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई थी।विभागीय जांच के दौरान संचालन पदाधिकारी ने मामले से जुड़े तमाम दस्तावेजों, साक्ष्यों और गवाहों के बयानों की बारीकी से समीक्षा की, जिसमें सोनी कुमारी को आरोपों का पूर्ण रूप से दोषी पाया गया। जारी आदेश में सख्त लहजे में कहा गया है कि इतने लंबे समय तक बिना अनुमति ड्यूटी से गायब रहना वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की खुली अवहेलना है। पुलिस जैसे अनुशासित बल में ऐसी घोर लापरवाही कतई स्वीकार्य नहीं है। जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी के निर्देश पर महिला सिपाही को सेवा से कार्यमुक्त (बर्खास्त) कर दिया गया है।



