
पटना। बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए शिक्षा विभाग से एक बड़ी और अहम खबर सामने आई है। शिक्षा मंत्री ने चौथे चरण की शिक्षक बहाली यानी TRE 4 और एसटीईटी (STET) को लेकर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट कर दी है। शिक्षा मंत्री के अनुसार, TRE 4 का विज्ञापन जारी होने से पहले एसटीईटी का रिजल्ट हर हाल में जारी कर दिया जाएगा, ताकि अभ्यर्थियों को पात्रता को लेकर किसी भी तरह के भ्रम का सामना न करना पड़े। विभाग ने अभ्यर्थियों को बड़ी सहूलियत देते हुए यह निर्णय लिया है कि एसटीईटी परीक्षा में शामिल होने वाले अपीयरिंग अभ्यर्थी भी TRE 4 का फॉर्म भर सकेंगे। हालांकि, यह साफ कर दिया गया है कि TRE 4 की मुख्य परीक्षा में बैठने की अनुमति केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को मिलेगी, जो एसटीईटी की परीक्षा पास करेंगे। एसटीईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। इसके साथ ही, शिक्षकों के तबादले और पोस्टिंग की प्रक्रिया को भी पारदर्शी और चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। सबसे पहले सरप्लस शिक्षकों और म्यूचुअल तबादले से जुड़ी सूची जारी की जाएगी। इसके बाद शिक्षा विभाग द्वारा तय शेड्यूल के अनुसार सामान्य तबादले के लिए आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे, जिसमें हेड टीचर और हेडमास्टर भी आवेदन कर सकेंगे। वहीं, लाइब्रेरियन के तबादले को लेकर संशय भी जल्द दूर होगा, जिसके लिए विभाग एक विस्तृत एसओपी (SOP) तैयार कर रहा है।शिक्षकों के वेतन और एरियर के लंबित भुगतान के मुद्दे पर भी शिक्षा विभाग अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। शिक्षा मंत्री ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वेतन या एरियर भुगतान में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों को चिह्नित किया जाएगा। शिक्षकों के अधिकारों को लेकर विभाग किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगा और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।



