
मोतिहारी। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में विधि-व्यवस्था को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के संयुक्त नेतृत्व में जिला मुख्यालय में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल ने मुख्य मार्गों व संवेदनशील इलाकों में गश्त कर आम जनमानस में सुरक्षा का भरोसा जगाया।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान प्रशासनिक संवेदनशीलता भी देखने को मिली, जब जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं मोटरसाइकिल से मुख्य सड़कों का निरीक्षण किया। वहीं, सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से अति-संवेदनशील मानी जाने वाली संकरी गलियों में दोनों अधिकारियों ने बल के साथ पैदल मार्च किया और स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद स्थापित किया। अधिकारियों ने नागरिकों को निर्भीक होकर पर्व मनाने का आश्वासन देते हुए जिला प्रशासन की पूर्ण प्रतिबद्धता दोहराई। जिला प्रशासन ने पर्व के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों को कड़ा अल्टीमेटम दिया है।

पुलिस कप्तान स्वर्ण प्रभात ने बताया कि ऐसे शरारती तत्वों को चिन्हित कर विशेष टीमों को निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने मीडिया के माध्यम से जिलावासियों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक या भड़काऊ जानकारी पर ध्यान न दें। भ्रामक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध साइबर एक्ट के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए साइबर सेल को चौबीसों घंटे ऑनलाइन गतिविधियों की मॉनिटरिंग के लिए सक्रिय कर दिया गया है।”सौहार्द और भाईचारा किसी भी समाज की असली ताकत है। जिला प्रशासन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रहा है, परंतु शांति व्यवस्था बनाए रखने में आम नागरिकों का सहयोग अनिवार्य है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



