
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भाजपा में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पीएम मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए विपक्ष से सकारात्मक राजनीति करने की अपील की।
विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि विपक्ष का धर्म सरकार का विरोध करना है, लेकिन अब विपक्ष भी यह मानने लगा है कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में देश में सामाजिक सौहार्द बढ़ा है और दंगा-अशांति जैसी घटनाओं में कमी आई है। साथ ही, नभ, थल और जल तीनों क्षेत्रों में विकास की रफ्तार तेज हुई है। इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े बदलाव हुए हैं और लोगों के कौशल विकास पर भी लगातार काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने निजी जीवन से ऊपर उठकर 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार माना और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य किया।
बिहार की कृषि व्यवस्था पर बात करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य की 76 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर है, जबकि 94 प्रतिशत किसान छोटे और सीमांत वर्ग से आते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं से किसानों की आय बढ़ाने का माहौल बना है, हालांकि छोटे किसानों को निवेश से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। राज्य सरकार इन चुनौतियों को दूर करने की दिशा में काम कर रही है।
मंत्री के तौर पर उन्होंने बताया कि अब तक 47 लाख किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा चुकी है और जल्द ही 50 लाख किसानों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि किसानों की प्रगति से ही उनके परिवारों और पूरे बिहार का विकास सुनिश्चित होगा।



