
मोतिहारी। सूबे में मरीजों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले अवैध दवा कारोबारियों के खिलाफ प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मोतिहारी जिले के पताही थाना क्षेत्र स्थित स्थानीय बाजार में बिना लाइसेंस संचालित हो रही एक दवा दुकान पर ड्रग्स विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अवैध दवाएं जब्त की गई हैं, जिससे पूरे इलाके के दवा कारोबारियों में हड़कंप मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ड्रग्स विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बिना किसी वैध लाइसेंस के धड़ल्ले से दवाइयों की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही एक्शन मोड में आए अधिकारियों ने त्वरित टीम का गठन किया। जिला सहायक औषधि नियंत्रक के निर्देश पर गठित इस टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से थाना चौक से ननकार जाने वाले मुख्य पथ पर स्थित ‘लक्ष्मी मेडिकल’ पर अचानक दबिश दी। जांच टीम ने दुकान के भंडारण, रजिस्टर और लाइसेंस संबंधी कागजातों की सघन जांच की। इस दौरान दुकान के मालिक कृति राज उर्फ़ श्याम जी साह टीम के समक्ष कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने में पूरी तरह विफल रहे।टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 34 विभिन्न प्रकार की दवाओं को जब्त कर लिया। इसके साथ ही, एक संदिग्ध दवा का औषधि नमूना भी लिया गया है, जिसे विस्तृत जांच और विश्लेषण के लिए लैब भेजा जाएगा।छापेमारी टीम में शामिल औषधि निरीक्षक विवेक कुमार ने बताया कि बिना औषधि अनुमति के दवा दुकान का संचालन करना औषधि अधिनियम की धारा 18C का सीधा उल्लंघन है।
इस अधिनियम की धारा 27 के तहत इसके लिए कड़ी सजा का प्रावधान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध दवाओं को जब्त कर लिया गया है और अब इस मामले में माननीय न्यायालय के समक्ष एक ‘कंप्लेंट केस’ दर्ज किया जाएगा, जहां न्यायाधीश द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई और सजा सुनिश्चित की जाएगी। शटर गिराकर फरार हुए अन्य दुकानदार ड्रग्स विभाग की इस सख्त कार्रवाई की भनक लगते ही पताही बाजार सहित आसपास के अन्य बाजारों में अफरातफरी का माहौल बन गया। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए कई अन्य दवा दुकानदार आनन-फानन में अपनी दुकानों का शटर गिराकर मौके से फरार हो गए। इस संयुक्त छापेमारी अभियान में औषधि निरीक्षक विवेक कुमार, श्रीनरायन चौधरी, सागर सोनी समेत स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं भारी संख्या में पुलिस बल शामिल थे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अवैध कारोबारी को बख्शा नहीं जाएगा।



