newspatnaबिहारराजनीति

बांकीपुर उपचुनाव: 422 बूथों पर तैनात होंगे केंद्रीय बल, परिंदा भी नहीं मार पाएगा पर!

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमे ने पूरी तरह से कमर कस ली है। सोमवार को समाहरणालय में पुलिस, सामान्य और व्यय प्रेक्षकों के साथ जिलाधिकारी (डीएम) कुन्दन कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय के. शर्मा ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें चुनाव से जुड़े नोडल पदाधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस प्रेक्षक राकेश अग्रवाल ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के सभी 422 मतदान केंद्रों (बूथों) पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान मुस्तैद रहेंगे। मतदाताओं में सुरक्षा की भावना पैदा करने और उन्हें भयमुक्त करने के लिए जिला पुलिस और केंद्रीय बल लगातार क्षेत्र में फ्लैग मार्च करेंगे।डीएम कुन्दन कुमार ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि वे न केवल निष्पक्ष रहें, बल्कि उनका आचरण भी वैसा ही दिखना चाहिए। चुनाव में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी बूथों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और मतदान प्रक्रिया की लाइव वेबकास्टिंग होगी। इसके साथ ही, ईवीएम (EVM) और वीवीपैट (VVPAT) सहित अन्य चुनावी सामग्रियों के परिवहन की पूरी वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

सामान्य प्रेक्षक शिव सहाय अवस्थी ने निर्देश दिया कि मतदान प्रक्रिया सुबह निर्धारित समय पर शुरू हो सके, इसके लिए सभी मतदान अधिकारी चुनाव से एक दिन पहले ही अपने-अपने बूथों पर पहुंच जाएंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। इस चुनाव में दो बैलेट यूनिट (BU) का इस्तेमाल होना है, इसलिए सभी कर्मियों को इसे आपस में जोड़ने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। एक से अधिक बूथ वाले केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए फैसिलिटेटर (Facilitator) भी तैनात किए जाएंगे।व्यय प्रेक्षक शिव प्रताप सिंह ने चुनाव व्यय कोषांग को निर्देश दिया है कि चुनाव मैदान में उतरे सभी प्रत्याशियों के दैनिक खर्चों पर कड़ी निगरानी रखी जाए। इसकी एक सटीक रिपोर्ट नियमित रूप से व्यय कोषांग को सौंपनी होगी, ताकि धनबल के दुरुपयोग को रोका जा सके।मतदान कर्मियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था बूथ पर ही होगी।

डीएम ने निर्देश दिया कि चलंत बूथों को पूरी तरह वाटरप्रूफ बनाया जाए। यदि किसी बूथ के आसपास जलभराव होता है, तो पटना नगर निगम तत्काल जल निकासी की व्यवस्था करेगा। इसके अलावा, ईवीएम में तकनीकी खराबी आने पर तुरंत सुधार के लिए रणनीतिक स्थानों पर मास्टर ट्रेनर मौजूद रहेंगे और हर बूथ पर ‘मतदाता हेल्पडेस्क’ स्थापित किया जाएगा।समीक्षा बैठक के अंत में एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका पेश करते हुए आश्वस्त किया कि पुलिस, सेक्टर मजिस्ट्रेट और केंद्रीय बल आपसी समन्वय से चुनाव को पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएंगे। बैठक में बांकीपुर के निर्वाची पदाधिकारी (RO) राघवेन्द्र प्रताप सिंह सहित विभिन्न कोषांगों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button