crimenewspatnaबिहार

बड़ी खबर: छापेमारी के दौरान छत से कूदा वांटेड, पैर टूटने के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार

मोतिहारी। बंजरिया थाना क्षेत्र में पिस्तौल लहराने और कई संगीन मामलों में वांछित चल रहे एक आरोपित को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित ने घर की छत से छलांग लगा दी। इस प्रयास में उसका एक पैर टूट गया। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे दबोच लिया और अस्पताल में इलाज कराने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपित की पहचान दरोगा टोला निवासी राजन साह के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित अपने ही इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर एक्शन मोड में आई पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों की घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस बल को देखते ही आरोपित भागने लगा और छत से नीचे कूद गया।

छलांग लगाने के कारण उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।बंजरिया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। हाल ही में उसका पिस्तौल लहराते हुए एक वीडियो भी सामने आया था। इसी मामले सहित अन्य संगीन मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान निरंतर जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Back to top button