crimenewsबिहार

पुलिस की वर्दी में लूट और नोट डबल करने का गंदा खेल, मोतिहारी में बड़े गैंग का भंडाफोड़!

मोतिहारी। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में जाली नोटों के काले कारोबार और नोट डबल करने के नाम पर ठगी करने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। मुफ्फसिल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना समेत नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में बिहार पुलिस का एक बर्खास्त बीएमपी जवान और दो बर्खास्त होमगार्ड भी शामिल हैं।गुप्त सूचना के आधार पर एक्शन मोड में आए अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के कुवांरी देवी चौक और बासमनपुर गांव के विभिन्न ठिकानों पर सघन छापेमारी की। इस दौरान गिरोह का मास्टरमाइंड और बर्खास्त सिपाही बिदुर सहनी अपने सहयोगियों के साथ पुलिस के हत्थे चढ़ गया।यह गिरोह बेहद शातिराना अंदाज में काम करता था। ये लोग भोले-भाले लोगों को कम समय में रुपये दोगुना या तिगुना करने का लालच देकर फंसाते थे। इसके बाद असली रकम लेकर उन्हें ‘चिल्ड्रेन बैंक ऑफ इंडिया’ लिखे जाली नोटों के बंडल थमा देते थे। जब कोई पीड़ित इसका विरोध करता, तो गिरोह के सदस्य पुलिस की वर्दी पहनकर और हथियारों का भय दिखाकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देते थे।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से चार लाख रुपये के जाली नोट, 34 हजार रुपये नकद और 100 व 200 रुपये के आकार में कटे सादे कागज के बंडल बरामद किए हैं। इसके अलावा आरोपित कुंदन कुमार के घर से एक देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस तथा अमिरी पंडित के घर से पुलिस की वर्दी (तीन पैंट, दो शर्ट, एक बेल्ट) बरामद की गई। पुलिस ने कार्रवाई में आठ मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिलें भी जब्त की हैं।गिरफ्तार आरोपितों में मुख्य सरगना बिदुर सहनी के अलावा आकाश कुमार, प्रदीप कुमार जयसवाल, राम प्रवेश भगत, कुंदन कुमार, चंदेश्वर गिरी और अमिरी पंडित समेत अन्य शामिल हैं।

मुफ्फसिल थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस गिरोह के तार अन्य जिलों से भी जुड़े होने की आशंका है। मुफ्फसिल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर सभी आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों की भी सरगर्मी से तलाश कर रही है। मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट

Related Articles

Back to top button