newspatnarajnitiबिहार

लालू यादव से मिलने अचानक पहुंचे शत्रुघ्न सिन्हा, बिहार में क्या पक रही है नई सियासी खिचड़ी?

पटना। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव से उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। ‘बिहारी बाबू’ के नाम से चर्चित शत्रुघ्न सिन्हा ने राजद सुप्रीमो और उनके परिजनों के साथ करीब आधा घंटा व्यतीत किया और लालू प्रसाद के स्वास्थ्य की जानकारी ली।इस दौरान उनकी मुलाकात पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी से भी हुई। हालांकि, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के उपस्थित न होने के कारण उनसे भेंट नहीं हो सकी। मुलाकात के बाद आवास से बाहर निकले टीएमसी सांसद ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि लालू परिवार के साथ उनका बहुत पुराना और गहरा पारिवारिक संबंध रहा है। वे राजद अध्यक्ष के स्वास्थ्य को लेकर चिंतित थे, इसलिए विशेष रूप से उनसे मिलने पहुंचे थे।शत्रुघ्न सिन्हा ने लालू प्रसाद की सराहना करते हुए उन्हें देश का एक बेहद बड़ा और कद्दावर राजनेता बताया। उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद एक बहुत ही अच्छे और जमीन से जुड़े इंसान हैं, जिन्होंने भारतीय राजनीति में अपनी एक खास छाप छोड़ी है। उन्होंने लालू परिवार के उपस्थित सदस्यों के साथ विभिन्न विषयों पर सहज चर्चा भी की।मुलाकात के अंत में टीएमसी सांसद ने ईश्वर से लालू प्रसाद के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि वे भगवान से कामना करते हैं कि लालू प्रसाद हमेशा स्वस्थ और प्रसन्न रहें। राजनीतिक हलकों में दोनों वरिष्ठ नेताओं की इस आत्मीय मुलाकात को एक अहम शिष्टाचार भेंट और पुराने संबंधों के नवीनीकरण के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button