newspatnarajnitiबिहार

बिहार में गंगा का रौद्र रूप: राघोपुर के गांवों पर गहराया कटाव का संकट, तेजस्वी ने मंत्री से मांगी तत्काल मदद

पटना। गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और तेज बहाव ने वैशाली जिले के राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में गंभीर संकट खड़ा कर दिया है। तटवर्ती इलाकों में नदी का तेज कटाव शुरू होने से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि और रिहायशी मकानों पर कटाव का खतरा मंडरा रहा है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार सरकार के जल संसाधन मंत्री को पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से सुरक्षात्मक कार्य शुरू कराने की मांग की है।तेजस्वी यादव ने पत्र के माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा है कि राघोपुर एवं बिदुपुर प्रखंड के कई पंचायत और गांव सीधे गंगा नदी के मुहाने पर हैं। जलस्तर में अचानक हुई बढ़ोतरी और नदी की तेज धार के कारण कटाव तेजी से आबादी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने विशेष रूप से बहरामपुर पंचायत और चकसिंगार पंचायत के शिव नगर लंका टोला का उल्लेख करते हुए बताया कि इन इलाकों में स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।नेता प्रतिपक्ष ने जल संसाधन विभाग से मांग की है कि विशेषज्ञों की एक तकनीकी टीम भेजकर प्रभावित स्थलों का तुरंत जमीनी मुआयना कराया जाए। इसके साथ ही आबादी और खेती को बचाने के लिए युद्धस्तर पर बोल्डर पिचिंग और जियो बैग की व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समय रहते प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कई गांव नदी के आगोश में समा सकते हैं जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग इस दिशा में कितनी तत्परता से काम शुरू करता है।

Related Articles

Back to top button